Tag: ISRO

  • ISRO ने 2025 को घोषित किया ‘गगनयान वर्ष’

    भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के प्रमुख वी. नारायणन ने वर्ष 2025 को ‘गगनयान वर्ष’ घोषित करते हुए बताया कि भारत का पहला मानव अंतरिक्ष मिशन अब निर्णायक चरण में प्रवेश कर चुका है। कोलकाता में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा, “यह साल हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इस वर्ष तीन मानव रहित मिशनों की योजना है और पहला मिशन दिसंबर 2025 तक लॉन्च किया जाएगा।”

    ISRO द्वारा अब तक 7,200 से अधिक परीक्षण पूरे किए जा चुके हैं, जबकि लगभग 3,000 परीक्षण अभी शेष हैं। इन परीक्षणों में क्रू सेफ्टी, लॉन्च सिस्टम्स, और जीवन समर्थन प्रणालियों को परखा जा रहा है। पहला मानव रहित मिशन एक मानव-आकार की महिला रोबोट ‘व्योममित्रा’ के साथ भेजा जाएगा जो मानव शरीर की प्रक्रियाओं का अनुकरण करेगी और जरूरी डेटा प्रदान करेगी।

    मानव मिशन का लक्ष्य: 2027 की पहली तिमाही

    ISRO का लक्ष्य है कि 2027 की पहली तिमाही में पहला भारतीय अंतरिक्ष यात्री मिशन Low Earth Orbit (LEO) में भेजा जाए। इसके पहले तीन मानव रहित मिशन होंगे, जिनमें से पहला इस वर्ष के अंत तक प्रस्तावित है।

    SpaDeX मिशन की सफलता

    नारायणन ने यह भी घोषणा की कि ISRO का SpaDeX (Space Docking Experiment) मिशन सफलतापूर्वक पूरा हुआ। उन्होंने बताया, “हमने इस मिशन के लिए 10 किलो ईंधन की योजना बनाई थी, लेकिन केवल आधे ईंधन में ही मिशन सफल रहा। शेष ईंधन को अब भविष्य के प्रयोगों में इस्तेमाल किया जाएगा।” यह मिशन इन-स्पेस डॉकिंग तकनीक को सस्ती लागत पर सिद्ध करने के लिए PSLV द्वारा लॉन्च किया गया एक तकनीकी प्रदर्शन था।

    आगामी लॉन्च शृंखला और नासा सहयोग

    ISRO प्रमुख ने जानकारी दी कि 2025 में लगभग हर महीने एक लॉन्च निर्धारित है। इनमें एक बड़ा मिशन है नासा-ISRO सिंथेटिक अपर्चर रडार सैटेलाइट, जिसे भारत के स्वयं के लॉन्च वाहन द्वारा प्रक्षेपित किया जाएगा। इसके अलावा एक वाणिज्यिक संचार उपग्रह भी लॉन्च होगा।

    भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन की योजना

    ISRO भविष्य में 50 टन वजनी भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन भी स्थापित करने की दिशा में काम कर रहा है, जो देश की दीर्घकालिक अंतरिक्ष उपस्थिति का प्रतीक होगा।

    सुरक्षा पर भी फोकस

    देश की सुरक्षा को लेकर उन्होंने कहा कि इसरो 11,500 किमी की समुद्री सीमा और उत्तरी सीमा की निगरानी के लिए विभिन्न संगठनों के साथ मिलकर काम कर रहा है। इस समय कक्षा में 57 उपग्रह सक्रिय हैं, जो मौसम, शिक्षा और संचार से संबंधित सेवाएं देश के सुदूर क्षेत्रों तक पहुंचा रहे हैं।

    PSLV-C61 असफलता पर प्रतिक्रिया

    हाल ही में विफल हुए PSLV-C61/EOS-09 मिशन को नारायणन ने ISRO की लगातार सफलताओं के बीच एक अपवाद बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि यह असफलता गगनयान जैसी बड़ी परियोजनाओं को प्रभावित नहीं करेगी।

    चंद्रयान-4 और चंद्रयान-5 की योजना

    ISRO प्रमुख ने यह भी बताया कि चंद्रयान-4 मिशन, जो चंद्र सतह से सैंपल वापसी पर केंद्रित होगा, ढाई वर्षों में लॉन्च किया जाएगा। वहीं, चंद्रयान-5 मिशन, जापान की साझेदारी में, 6,400 किलो का लैंडर और 100 दिनों की आयु वाला 350 किलो का रोवर ले जाएगा।

  • ISRO PSLV-C61 विफल: EOS-09 सैटेलाइट लॉन्च मिशन असफल

    भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) को रविवार सुबह उस समय बड़ा झटका लगा जब उसका सबसे भरोसेमंद लॉन्च वाहन PSLV-C61 तकनीकी गड़बड़ी के कारण EOS-09 उपग्रह को निर्धारित कक्षा में स्थापित करने में असफल रहा। यह लॉन्च ISRO का 101वां मिशन और PSLV रॉकेट का 63वां मिशन था।

    ISRO ने एक संक्षिप्त बयान में कहा,

    “आज 101वां प्रक्षेपण प्रयास किया गया। PSLV-C61 का प्रदर्शन दूसरे चरण तक सामान्य रहा। तीसरे चरण में गड़बड़ी देखी गई, जिससे मिशन पूरा नहीं हो सका।”

    क्या हुआ लॉन्च के दौरान?

    PSLV-XL वर्जन का यह 27वां उड़ान था, जिसमें चार चरण होते हैं। लॉन्च के करीब 6 मिनट बाद तीसरे चरण के दौरान रॉकेट का पथ निर्धारित ट्रैजेक्टरी से भटकने लगा और इसकी ऊंचाई अपेक्षित से कम पाई गई। जैसे ही गड़बड़ी के संकेत मिले, ISRO ने लाइव वीडियो और ग्राफिक्स को बंद कर दिया।

    लगातार दूसरी असफलता

    यह ISRO के लिए दूसरी लगातार असफलता है। इससे पहले, उसकी 100वीं उड़ान में GSLV रॉकेट भी NVS-02 सैटेलाइट को सही कक्षा में स्थापित नहीं कर पाया था। दोनों असफलताएं ISRO के नए अध्यक्ष वी. नारायणन के कार्यकाल में हुई हैं।

    EOS-09 क्यों था अहम?

    EOS-09 एक अत्याधुनिक पृथ्वी अवलोकन उपग्रह है, जिसमें C-बैंड सिंथेटिक अपर्चर रडार (SAR) तकनीक लगी थी। यह उपग्रह हर मौसम में, दिन या रात में, उच्च-रिज़ॉल्यूशन इमेज लेने में सक्षम था। इसका उपयोग कृषि, वनों की निगरानी, आपदा प्रबंधन और सामरिक कार्यों में होना था।

    इसके साथ ही, मिशन को जिम्मेदार स्पेस ऑपरेशन की दिशा में एक कदम माना जा रहा था, क्योंकि इसमें डि-ऑर्बिटिंग के लिए अलग से ईंधन रखा गया था ताकि इसकी उम्र समाप्त होने के बाद इसे नियंत्रित तरीके से वायुमंडल में जलाया जा सके और अंतरिक्ष मलबा (space debris) न बने।

    जनता और पर्यटकों में निराशा

    मिशन को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग श्रीहरिकोटा पहुंचे थे, लेकिन भारत-पाक तनाव की वजह से सुरक्षा कारणों से दर्शकों को लॉन्च साइट पर जाने की अनुमति नहीं दी गई। कई बच्चे और छात्र अपने सपनों के साथ वहां पहुंचे थे, जिनमें से एक ने कहा—

    “मैं ISRO चेयरमैन बनना चाहता हूँ। आज देख नहीं सका, लेकिन अगली बार फिर आऊंगा।”