Tag: Narendra Modi

  • रेज़िलिएंट भविष्य की रूपरेखा: मोदी बोले, अब नहीं करेंगे इंतज़ार

    फ्रांस के नीस शहर में आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आपदा-रोधी ढांचे की आवश्यकता को वैश्विक एजेंडे के केंद्र में रखने की पुरज़ोर वकालत की। ‘कोस्टल क्षेत्रों के लिए आपदा-रोधी भविष्य की रूपरेखा’ विषय पर बोलते हुए प्रधानमंत्री ने दुनिया के सामने पांच प्रमुख प्राथमिकताएं रखीं, जो आने वाले समय में जलवायु परिवर्तन से निपटने की दिशा तय करेंगी।

    मोदी ने अपने वीडियो संदेश में सबसे पहले उच्च शिक्षा और कौशल विकास कार्यक्रमों में आपदा-प्रबंधन और आपदा-प्रतिरोधी ढांचे को शामिल करने पर ज़ोर दिया। उनका मानना है कि इससे आने वाले समय के लिए एक सशक्त और प्रशिक्षित कार्यबल तैयार होगा। दूसरा, उन्होंने वैश्विक स्तर पर डिजिटलीकृत ज्ञान-संग्रह बनाने का सुझाव दिया, जहां विभिन्न देशों के अनुभव और ‘बेस्ट प्रैक्टिसेज’ को एक जगह समेटा जाए।

    तीसरी प्राथमिकता के रूप में प्रधानमंत्री ने विकासशील देशों के लिए इनोवेटिव फाइनेंसिंग मॉडल को अहम बताया। चौथा बिंदु था—छोटे द्वीपीय देशों को ‘लार्ज ओशन कंट्रीज़’ मानकर विशेष सहायता देना, क्योंकि ये क्षेत्र सबसे अधिक जलवायु जोखिमों से प्रभावित हैं। पांचवीं और अंतिम बात—सटीक प्रारंभिक चेतावनी प्रणालियों को मज़बूत करना और “लास्ट माइल कनेक्टिविटी” सुनिश्चित करना।

    प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में बीते वर्षों में भारत द्वारा झेली गई त्रासदियों की भी चर्चा की—1999 का सुपर साइक्लोन और 2004 की सुनामी। उन्होंने बताया कि कैसे इन अनुभवों ने भारत को मजबूती से फिर से खड़े होने और बहुउद्देशीय आपदा शरणालयों और चेतावनी प्रणालियों के निर्माण की दिशा में अग्रसर किया।

    सम्मेलन में कई अन्य वैश्विक नेताओं ने भी हिस्सा लिया। गुयाना के राष्ट्रपति इरफान अली ने जलवायु अनुकूलन के लिए संसाधनों को खोलने की अपील की, वहीं नाउरू के राष्ट्रपति डेविड अडेआंग ने इस सम्मेलन को “संवाद से समाधान की ओर कदम” बताया। एंटीगुआ और बारबुडा के प्रधानमंत्री गैस्टन ब्राउन ने कहा, “रेज़िलिएंट इंफ्रास्ट्रक्चर कोई विकल्प नहीं, बल्कि अस्तित्व की अनिवार्यता है।”

    इस सम्मेलन में CDRI (Coalition for Disaster Resilient Infrastructure) ने अफ्रीका में आपदा-रोधी ढांचे के विस्तार की प्रतिबद्धता दोहराई और 21 देशों के लिए 53 रिसर्च प्रोजेक्ट्स को अनुदान देने की घोषणा की। इसके अलावा छोटे द्वीप राष्ट्रों के लिए “रेज़िलिएंस एक्सेलेरेशन कॉल टू एक्शन” भी जारी किया गया।

    भारत मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक एम. मोपात्रा को जिनेवा में “UN ससाकावा अवॉर्ड 2025” से नवाज़ा गया, जो उत्तर हिंद महासागर क्षेत्र में चक्रवातों के दौरान जानमाल की रक्षा के लिए उनके प्रयासों को मान्यता देता है।

  • “जब सिंदूर बारूद बन जाए” — ऑपरेशन सिंदूर पर मोदी की पाकिस्तान को खुली चेतावनी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के बीकानेर में एक जनसभा के दौरान पाकिस्तान को सख्त और दो-टूक संदेश दिया। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत ने अब आतंक के खिलाफ “निर्णायक” नीति अपना ली है, जिसमें सेना को पूरी छूट दी गई है। मोदी ने कहा, “22 अप्रैल को हुए पहलगाम हमले के जवाब में हमारी सेनाओं ने केवल 22 मिनट में पाकिस्तान और PoK में 9 बड़े आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया।”

    सभा में बोलते हुए प्रधानमंत्री ने साफ कर दिया कि भारत अब किसी भी सूरत में पाकिस्तान से न तो बातचीत करेगा, न ही व्यापार। “अगर बातचीत होगी, तो सिर्फ पाक अधिकृत कश्मीर पर होगी,” उन्होंने कहा। मोदी ने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उसने आतंक फैलाना जारी रखा, तो उसे हर बूंद पानी के लिए तरसना पड़ेगा — भारत अपनी नदियों के पानी पर अपने अधिकार का उपयोग करेगा।

    अपने भाषण के दौरान प्रधानमंत्री ने एक भावनात्मक लेकिन सख्त लहजे में कहा, “मेरी रगों में खून नहीं, सिंदूर दौड़ता है। और जो लोग इसे मिटाना चाहते थे, उन्हें धूल में मिला दिया गया।”

    मोदी ने यह भी दोहराया कि भारत अब परमाणु धमकियों से डरने वाला नहीं है। “हम पर अगर कोई आतंकवादी हमला करता है, तो जवाब कब और कैसे देना है, ये फैसला अब हमारी सेना करेगी,” उन्होंने जोड़ा।

    ऑपरेशन सिंदूर को लेकर प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी तीनों सेनाओं को खुली छूट दी गई थी और उन्होंने ऐसा फंदा बुना कि पाकिस्तान घुटनों पर आ गया। इस जवाबी कार्रवाई में बहावलपुर स्थित जैश-ए-मोहम्मद का हेडक्वार्टर और मुरिदके स्थित लश्कर-ए-तैयबा का बेस कैंप तबाह कर दिया गया।

    मोदी ने यह भी खुलासा किया कि पाकिस्तान ने बीकानेर के नाल एयरबेस को टारगेट करने की कोशिश की थी, लेकिन उसमें नाकाम रहा। इसके उलट, पाकिस्तान का रहीमयार खान एयरबेस आज ICU में है — वहां की हालत ऐसी है कि कोई नहीं जानता वो फिर से कब चालू होगा।

    प्रधानमंत्री ने ये भी कहा कि पाकिस्तान, भारत से सीधे युद्ध में कभी जीत नहीं सकता, इसलिए वह आतंकवाद को हथियार बनाकर लड़ रहा है।

    इस जनसभा के जरिए मोदी ने न केवल पाकिस्तान को चेतावनी दी, बल्कि देशवासियों को यह भरोसा भी दिलाया कि भारत अब आतंक के खिलाफ हर मोर्चे पर आक्रामक और निर्णायक रुख अपनाएगा।

  • पहलगाम आतंकी हमले पर खड़गे का बड़ा दावा: “PM मोदी को पहले से थी जानकारी, फिर भी चुप क्यों रहे?

    झारखंड की राजधानी रांची में एक रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री को 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले से तीन दिन पहले खुफिया जानकारी मिल चुकी थी, और उसी वजह से उन्होंने 19 अप्रैल को प्रस्तावित कश्मीर दौरा रद्द कर दिया।

    “खुफिया इनपुट था, फिर सुरक्षा क्यों नहीं बढ़ाई गई?” — खड़गे

    “अगर खुफिया एजेंसियों ने बताया था कि कश्मीर जाना सुरक्षित नहीं है, तो आपने वही जानकारी पुलिस और सुरक्षा बलों से क्यों नहीं साझा की?”
    — मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस अध्यक्ष

    खड़गे ने सरकार की कथित “चूक” पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब हमला होने की आशंका थी, तब पर्यटकों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतज़ाम क्यों नहीं किए गए?

    उन्होंने कहा,

    “सरकार ने खुद माना कि यह खुफिया तंत्र की विफलता थी। 26 निर्दोष लोगों की जान चली गई। यह सरकार की जिम्मेदारी थी कि समय रहते कदम उठाए जाते।”

    कांग्रेस ने जताया सरकार से समर्थन, लेकिन माँगी जवाबदेही

    हालांकि खड़गे ने यह भी दोहराया कि आतंकवाद के खिलाफ सरकार जो भी कड़े कदम उठाएगी, कांग्रेस उसका समर्थन करेगी:

    “पाकिस्तान के खिलाफ सरकार जो भी सख़्त कदम उठाएगी, कांग्रेस उसके साथ खड़ी है। देश सर्वोपरि है, पार्टी या राजनीति नहीं।”

    BJP का तीखा पलटवार: “मॉडर्न डे मीर जाफ़र हैं खड़गे”

    खड़गे के बयान पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। पार्टी प्रवक्ता सी.आर. केसवन ने खड़गे को “मॉडर्न डे मीर जाफ़र” बताते हुए कहा:

    “उन्होंने जो बयान दिया है वह देशद्रोह जैसा है। वह प्रधानमंत्री के खिलाफ झूठे, ज़हरीले और आधारहीन आरोप लगा रहे हैं। उन्हें माफ़ नहीं किया जा सकता।”

    बीजेपी ने खड़गे से बिना शर्त माफ़ी की मांग की और यह भी पूछा कि उनके पास यह जानकारी कहां से आई, जिस आधार पर उन्होंने ये आरोप लगाए।

    पीछे की कहानी: क्या था वास्तव में खुफिया इनपुट?

    एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, IB और अन्य एजेंसियों ने जम्मू-कश्मीर में स्थानीय सुरक्षा अधिकारियों को 19 अप्रैल के आसपास एक आतंकी हमले की आशंका के बारे में चेताया था। यह इनपुट प्रधानमंत्री के संभावित श्रीनगर दौरे के मद्देनज़र साझा किया गया था। हालांकि मौसम खराब होने के कारण PM मोदी का दौरा रद्द हो गया।

    फिर 22 अप्रैल को पहलगाम, जो श्रीनगर से लगभग 90 किमी दूर है, वहां हमला हुआ जिसमें 26 लोग मारे गए, जिनमें अधिकांश पर्यटक थे।